JCB की खुदाई ने छीन लिया एक पत्नी का सुहाग

रतनलाल नगर में जेसीबी खुदाई के दौरान बड़ा हादसा, सैलून संचालक की गई जान

सवांददाता – सुनील तिवारी

कानपुर: रतनलाल नगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय बड़ा हादसा हो गया जब एक खाली प्लॉट में जेसीबी मशीन से चल रही खुदाई के दौरान पास खड़ा पेड़ उखड़कर बिजली के तारों पर गिर गया। पेड़ गिरने से तारों में तेज खिंचाव पैदा हुआ और एक के बाद एक करीब पांच बिजली के पोल भरभराकर गिर पड़े। इनमें से दो पोल पास स्थित केस्को सब स्टेशन के पास बने सैलून पर जा गिरा, जिससे सैलून संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया,अस्पताल ले जाते समय उसकी हालत बिगड़ गई और हैलट अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि खाली पड़े करीब 400 वर्ग गज के प्लॉट में जेसीबी मशीन से खुदाई का काम चल रहा था। मिट्टी हटने से पास का पेड़ असंतुलित होकर सीधे बिजली के तारों पर जा गिरा। इसके चलते बिजली के तारों में तेज खिंचाव आया और आसपास लगे पांच बिजली के खंभे अचानक गिर पड़े। इसी दौरान एक खंभा केस्को सब स्टेशन के पास स्थित सैलून पर जा गिरा, जिससे वहां मौजूद सैलून संचालक उसकी चपेट में आ गया।मृतक की पहचान 40 वर्षीय रियाज अहमद उर्फ़ राजू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के घाटा मोहम्मदपुर के निवासी थे और वर्तमान में वार्ड-4 में रहकर केस्को सब स्टेशन के पास पिछले सात वर्षों से टेंटर्सुमा सैलून चला रहे थे।

हादसे के समय वह मीटर के आवेदन के सिलसिले में केस्को सब स्टेशन आए थे और फोटो कॉपी कराने के लिए बाहर निकल रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। बिजली का पोल गिरने से बर्फ-3 निवासी रविशंकर पांडेय की बाइक, रियाज की बाइक और एक स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे के बाद प्लॉट मालिक और जेसीबी चालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर गोविंद नगर पुलिस और केस्को के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि हादसे में घायल रियाज को अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई है। वही परिवार ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से किया इंकार

मुख्य बिंदु

  • कानपुर के रतनलाल नगर में जेसीबी की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हुआ।
  • खुदाई के दौरान पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे तारों में तेज खिंचाव आया।
  • खिंचाव के कारण एक के बाद एक करीब 5 बिजली के पोल गिर पड़े।
  • एक पोल केस्को सब स्टेशन के पास बने सैलून पर गिर गया, जिससे सैलून संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
  • घायल रियाज अहमद (40) को अस्पताल ले जाया गया, जहां हैलट अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
  • रियाज मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के रहने वाले थे और पिछले 7 साल से सैलून चला रहे थे।
  • हादसे में दो बाइक और एक स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
  • मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
  • सूचना पर गोविंद नगर पुलिस और केस्को के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here