UP SI भर्ती पेपर लीक का झांसा | टेलीग्राम पर ठगी का खुलासा

उत्तर प्रदेश दरोगा भर्ती परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर फर्जी चैनलों के जरिए पेपर देने का झांसा देकर 20 हजार रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

यूपी क्राइम अलर्ट न्यूज़ ब्यूरो

लखनऊ: दरोगा भर्ती परीक्षा से ठीक पहले अभ्यर्थियों को ठगने की साजिश का मामला सामने आया है। जालसाजों ने सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर फर्जी चैनल बनाकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झांसा दिया और इसके बदले अभ्यर्थियों से 20 हजार रुपये की मांग की। मामले का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने हुसैनगंज थाना में मुकदमा दर्ज कराया है।जानकारी के मुताबिक उप निरीक्षक सीधी भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होनी है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए भर्ती बोर्ड की सोशल मीडिया सेल लगातार निगरानी कर रही है। इसी दौरान टेलीग्राम पर ‘यूपी एसआई यूपी पुलिस-2026’, ‘रिजल्ट पैनल प्राइवेट टीएम’ और ‘यूपी एसआई एग्जाम पेपर यूपी एसआई-2026’ नाम से संचालित चैनलों पर संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं।इन चैनलों के माध्यम से जालसाजों ने यह दावा किया कि वे उप निरीक्षक लिखित परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध करा सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों से 20 हजार रुपये जमा कराने को कहा गया। आरोपियों ने यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस आईडी और क्यूआर कोड साझा कर 10 हजार रुपये अग्रिम तथा 10 हजार रुपये परीक्षा के बाद देने की शर्त रखी थी।मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। विकास कुमार जायसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त हजरतगंज ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों और आईडी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
वहीं विक्रांत वीर, पुलिस उपायुक्त मध्य ने पूरे मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन किया है। इस टीम का नोडल अधिकारी सहायक पुलिस आयुक्त हजरतगंज को बनाया गया है। टीम में शिवमंगल सिंह, सुरेंद्र, कांस्टेबल संदीप और एक साइबर विशेषज्ञ को शामिल किया गया है, जो आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

मुख्य बिंदु

  • दरोगा भर्ती से पहले ठगी का प्रयास: सोशल मीडिया पर फर्जी चैनल बनाकर अभ्यर्थियों को पेपर देने का झांसा दिया गया।
  • टेलीग्राम पर सक्रिय गिरोह: ‘यूपी एसआई यूपी पुलिस-2026’, ‘रिजल्ट पैनल प्राइवेट टीएम’ और ‘यूपी एसआई एग्जाम पेपर यूपी एसआई-2026’ नाम से चैनल बनाए गए।
  • 20 हजार रुपये की मांग: जालसाजों ने प्रश्नपत्र देने के बदले 20 हजार रुपये मांगे, जिसमें 10 हजार अग्रिम और 10 हजार बाद में देने की शर्त रखी।
  • यूपीआई और क्यूआर कोड से भुगतान: आरोपियों ने भुगतान के लिए यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड साझा किए थे।
  • मुकदमा दर्ज: भर्ती बोर्ड के इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने हुसैनगंज थाने में केस दर्ज कराया।
  • पुलिस जांच शुरू: एसीपी हजरतगंज के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
  • 14-15 मार्च को परीक्षा: उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक सीधी भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा इन तिथियों पर होनी है।
  • अभ्यर्थियों को चेतावनी: पुलिस ने अभ्यर्थियों से फर्जी पेपर लीक के दावों से सावधान रहने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here