कानपुर बिल्हौर थाना क्षेत्र में आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई की गैस एजेंसी के गोदाम में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी किए गए गैस सिलेंडर और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार बिल्हौर के दीपपुर गांव स्थित गैस एजेंसी के गोदाम का मंगलवार रात चोरों ने ताला तोड़ दिया था। इसके बाद चोरों ने गोदाम से कुल 137 गैस सिलेंडर लोडर वाहन में भरकर पार कर दिए थे। बुधवार सुबह जब एजेंसी के कर्मचारी गोदाम पहुंचे तो ताला टूटा देखकर चोरी की घटना का पता चला, जिसके बाद हड़कंप मच गया।घटना की सूचना पर पुलिस ने एजेंसी प्रबंधक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि गोदाम से 14 किलो के 127 भरे घरेलू गैस सिलेंडर, सात खाली सिलेंडर और 19 किलो के तीन कॉमर्शियल सिलेंडर चोरी हुए थे। चोरी गए सिलेंडरों की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई थी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीमें गठित कर जांच शुरू की और आखिरकार सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी किए गए सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
















