Home Crime बेटी के शादी के जेवर और बेटे की दुकान की नकदी ले...

बेटी के शादी के जेवर और बेटे की दुकान की नकदी ले उड़े चोर,फतेहपुर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बेटी की शादी के जेवर और बेटे की दुकान की 10 हजार की नकदी ले उड़े चोर, ट्यूबवेल के पास बक्से-सूटकेस के ताले तोड़कर दिया वारदात को अंजाम. दुर्गेश कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

खखरेरू/फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बिछियावां गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए पीछे की दीवार में नकब लगाकर करीब 10 लाख रुपये कीमत के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर घर से दो बक्से और एक सूटकेस भी उठा ले गए। इसके बाद चोर करीब 200 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल के पास पहुंचे, जहां उन्होंने बक्सों और सूटकेस के ताले तोड़कर कीमती सामान और नकदी पार कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों में चोरी की वारदात को लेकर दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी की घटना हुई, वहां से करीब 400 मीटर की दूरी पर पुलिस चेक प्वाइंट भी बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि चेक प्वाइंट पर अक्सर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते और यह स्थान अधिकांश समय वीरान पड़ा रहता है। ऐसे में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

खेत की रखवाली करने गया था परिवार का मुखिया

बिछियावां गांव निवासी महेंद्र पाल उर्फ मुन्नू पाल ने बताया कि वह रात में खेतों की रखवाली करने के लिए चले गए थे। घर पर उनकी पत्नी और बेटा कमरे के बाहर टीन के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के पीछे की दीवार को काटकर कमरे में प्रवेश किया। चोरों ने कमरे के अंदर रखे दो बक्से और एक सूटकेस अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद वे सामान लेकर घर से करीब 200 मीटर दूर अनिल सिंह के ट्यूबवेल के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि चोरों ने वहीं बक्सों और सूटकेस के ताले तोड़े और उनमें रखे जेवरात तथा नकदी निकाल ली। चोरी के बाद चोर बक्सों और अन्य सामान को वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटना के दौरान घर के बाहर सो रहे परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिवार के लोग कमरे के अंदर पहुंचे तो चोरी की घटना का पता चला।

 

बेटी की शादी के जेवर भी थे बक्से में

पीड़ित परिवार के लिए चोरी की यह घटना इसलिए भी बेहद पीड़ादायक है क्योंकि चोरों के हाथ बेटी की शादी के जेवरात भी लग गए। पीड़ित परिवार के अनुसार उनकी पुत्री पुष्पा देवी की शादी 9 मार्च 2026 को पचमई गांव निवासी किशनपाल से हुई थी। शादी के बाद पुष्पा देवी अपने पति के साथ दिल्ली के रोहिणी चली गई थीं और अपने शादी के अधिकांश जेवर मायके में ही रख गई थीं। परिजनों के मुताबिक चोरी हुए सामान में पुत्री के दो सेट झुमके, अंगूठियां, मंगलसूत्र, तीन लॉकेट और पायल शामिल हैं। इसके अलावा पीड़ित की पत्नी के भी कई आभूषण चोरी हुए हैं। इनमें मंगलसूत्र, टॉप्स, छागल, हाफ पेटी और पायल बताए गए हैं। परिवार का कहना है कि लंबे समय से संभालकर रखे गए इन जेवरात के चोरी हो जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अनुमान के मुताबिक चोरी गए जेवरात की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

बेटे की दुकान की 10 हजार रुपये नकदी भी चोरी

चोरों ने केवल जेवरात पर ही हाथ साफ नहीं किया, बल्कि बक्से में रखी बेटे की दुकान की करीब 10 हजार रुपये की नकदी भी चोरी कर ली। पीड़ित परिवार के मुताबिक यह रकम दुकान के कारोबार से संबंधित थी और उसे बक्से में सुरक्षित रखा गया था। चोरों ने कमरे में रखे सामान को खंगालने के बाद बक्से और सूटकेस घर से बाहर निकाले और करीब 200 मीटर दूर ले जाकर उनके ताले तोड़ दिए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने वारदात को पूरी तैयारी के साथ अंजाम दिया।

सुबह कमरे में पहुंची पत्नी तो खुला चोरी का राज

पीड़ित परिवार के अनुसार सुबह करीब पांच बजे महेंद्र पाल की पत्नी चारपाई रखने के लिए कमरे के अंदर गईं। कमरे में पहुंचते ही उन्हें सामान अस्त-व्यस्त दिखाई दिया। जब उन्होंने पीछे की ओर देखा तो मकान की दीवार कटी हुई थी। दीवार में नकब लगा देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। इसके बाद परिजनों ने बक्से और सूटकेस की तलाश शुरू की। घर से करीब 200 मीटर दूर ट्यूबवेल के पास सामान बिखरा हुआ मिला। बक्सों और सूटकेस के ताले टूटे हुए थे और उसमें रखे जेवर तथा नकदी गायब थी। घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मकान के पीछे की दीवार, कमरे और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। इसके साथ ही ट्यूबवेल के पास पड़े कपड़े, बक्से और अन्य सामान को एकत्र कराकर पीड़ित के घर पहुंचवाया गया।

पुलिस चेक प्वाइंट की मौजूदगी के बावजूद चोरी

घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले भी चोरी और नकबजनी की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद प्रभावी पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़े हुए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक चोरी वाले मकान से करीब 400 मीटर की दूरी पर पुलिस चेक प्वाइंट बनाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां अक्सर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते और रात के समय चेक प्वाइंट वीरान पड़ा रहता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पुलिस चेक प्वाइंट के इतने करीब इतनी बड़ी चोरी की घटना को चोरों ने कैसे अंजाम दे दिया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चेक प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और संभावित सुरागों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर किस रास्ते से मौके पर पहुंचे तथा वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। इस संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पीड़ित परिवार की शिकायत और पुलिस जांच के बाद ही चोरी की घटना में शामिल आरोपियों का पता चल सकेगा। करीब 13 लाख रुपये के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद की चोरी ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब ग्रामीणों की नजर पुलिस की जांच और चोरों की गिरफ्तारी पर टिकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here