संभल में ईद और जुमा अलविदा से पहले सख्ती | विदेशी मुद्दों पर नारेबाजी पर रोक

उत्तर प्रदेश के संभल में जुमा अलविदा और ईद-उल-फितर से पहले पीस कमेटी बैठक में प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ईरान-इजरायल युद्ध को लेकर नारेबाजी या प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल में जुमा अलविदा और ईद-उल-फितर के त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती के संकेत दिए हैं।कोतवाली परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में क्षेत्राधिकारी कुलदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में विदेशी मुद्दों को लेकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में सीओ ने कहा कि ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को लेकर भारत में किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन या समर्थन में नारेबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने इस तरह की गतिविधि से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।कोतवाली में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता सुधीर कुमार सोनी ने की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान नमाज केवल मस्जिद के अंदर ही अदा की जाएगी और किसी भी हालत में सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी मस्जिद में भीड़ अधिक होती है तो एक ही स्थान पर दो बार नमाज अदा की जा सकती है।बैठक में मौजूद समाजसेवी हाजी एहतेशाम ने लोगों से अपील की कि त्योहारों को पहले की तरह शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाए तथा ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे समाज में तनाव या भ्रम की स्थिति पैदा हो।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर किसी भी प्रकार की नारेबाजी या समर्थन प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। शहर के संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि सभी लोग नियमों का पालन करेंगे और त्योहारों को आपसी सौहार्द के साथ मनाकर शहर में अमन-चैन बनाए रखेंगे।

मुख्य बिंदु

  • प्रशासन की सख्ती: संभल में जुमा अलविदा और ईद-उल-फितर से पहले पीस कमेटी बैठक में प्रशासन ने सख्त संदेश दिया।
  • विदेशी मुद्दों पर रोक: ईरान-इजरायल युद्ध को लेकर किसी भी तरह की नारेबाजी या प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी।
  • कार्रवाई की चेतावनी: माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
  • मस्जिद के अंदर ही नमाज: प्रशासन ने कहा कि नमाज केवल मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाएगी, सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं होगी।
  • शांति की अपील: समाजसेवी और शहर के गणमान्य लोगों ने आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
  • सुरक्षा व्यवस्था कड़ी: त्योहारों के दौरान संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here