Home Uncategorized प्रेम प्रसंग में बाधा बना किशोर, रिश्तेदार ने उतारा मौत के घाट

प्रेम प्रसंग में बाधा बना किशोर, रिश्तेदार ने उतारा मौत के घाट

संवाददाता -सुनील तिवारी

कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक किशोर की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि उसके ही परिवार के बीच रहने वाले एक रिश्तेदार ने की थी। आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह मृतक की बहन से प्रेम करता था, लेकिन किशोर उसके प्रेम प्रसंग में लगातार बाधा बन रहा था। इसी कारण उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई और गला घोंटकर हत्या कर दी। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 7 मार्च को तहसील दिवस के दौरान सूचना मिली थी कि घाटमपुर क्षेत्र के कठेठा गांव स्थित एक खेत में एक किशोर का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

जांच के दौरान मृतक की पहचान गांव निवासी संतोष सिंह के 16 वर्षीय पुत्र कृष्णा के रूप में हुई। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि कृष्णा उस दिन अपने मामा अभिषेक सिंह के साथ खेत की ओर गाय हांकने के लिए गया था। कुछ देर बाद खेत में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया और साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही निवासी बौरा और प्रभाकर के खिलाफ संदेह के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच करते हुए मृतक और उसके परिजनों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे सुराग मिले, जिनसे यह संकेत मिला कि घटना में परिवार के किसी करीबी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। इसी दौरान पुलिस को परिवार के एक सदस्य और आरोपी के बीच कई बार बातचीत होने के प्रमाण मिले। जांच के दौरान पुलिस की नजर मृतक के मामा अभिषेक सिंह पर भी गई, जो घटना के बाद परिवार के बीच रहकर उन्हें ढांढस बंधाता नजर आ रहा था। पुलिस को उसके व्यवहार पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

शुरुआत में अभिषेक सिंह ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पूरी सच्चाई कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि वह मृतक कृष्णा की बहन से प्रेम करता था और दोनों के बीच संबंधों को लेकर कृष्णा अक्सर उसका विरोध करता था। कृष्णा उसे अपनी बहन से दूर रहने के लिए कहता था, जिससे वह काफी नाराज रहता था। आरोपी ने बताया कि इसी नाराजगी के चलते उसने कृष्णा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। मौका मिलने पर उसने खेत में कृष्णा का गला घोंटकर हत्या कर दी और घटना को छिपाने की कोशिश की। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। वहीं जिन दो लोगों के खिलाफ संदेह के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था, उन्हें पूछताछ के बाद थाने से छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इस घटना से हैरान हैं कि किस तरह प्रेम प्रसंग के चलते एक किशोर की जान ले ली गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here