यूपी क्राइम अलर्ट न्यूज़ ब्यूरो
मुरादाबाद: यूपी एसटीएफ और मुरादाबाद पुलिस ने बुधवार को संयुक्त ऑपरेशन में कुख्यात अपराधी आशु चड्ढा उर्फ मोंटी को मुठभेड़ में मार गिराया। 50 हजार रुपये का इनामी मोंटी सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस टीम से घिरने पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के मुताबिक मोंटी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर था और हाल ही में उसने मुरादाबाद के एक निर्यातक से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।इतना ही नहीं, उसने कारोबारी पर जानलेवा हमला भी किया था, जिसके बाद से एसटीएफ मेरठ यूनिट और स्थानीय पुलिस उसकी तलाश में जुटी थीं।आशु चड्ढा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। वर्ष 2010 में हत्या के मामले में जेल जाने के बाद वह अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया और गैंग से जुड़कर हत्या, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम देने लगा।गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और मुरादाबाद समेत कई जिलों में उसके खिलाफ कुल 36 मुकदमे दर्ज थे।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक स्विफ्ट कार, .32 बोर की पिस्टल, रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस व खोखे बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आया था और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।













