संवाददाता -सुनील तिवारी
कानपुर: शहर में मंगलवार को ऐतिहासिक गंगा मेला पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। रंजन बाबू पार्क में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जहां जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने तिरंगा फहराकर मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद क्रांतिकारियों के शिलालेख पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। करीब 85 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में शहरवासियों ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाया और पूरे क्षेत्र में होली का रंगीन माहौल दिखाई दिया।मेले में ट्रैक्टर ट्रॉलियों, ऊंट और घोड़ों पर सवार हुरियारों का जुलूस निकला, जो नाचते-गाते पूरे मार्ग में रंग बरसाते हुए आगे बढ़ता रहा। जगह-जगह लोग ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकते नजर आए। समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई भी गंगा मेले के रंग में सराबोर दिखे और लोगों के साथ जमकर नृत्य करते हुए उत्सव का आनंद लिया।मेस्टन रोड पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने फूल बरसाकर होली खेलने वालों का स्वागत किया और मालाएं पहनाकर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की। हुरियारे करीब सात किलोमीटर का सफर तय करते हुए शहर में रंगों की बौछार करते रहे। मेला समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र बिश्नोई ने बताया कि इस बार भैंसा ठेला उपलब्ध न होने के कारण ट्रैक्टर ट्रॉलियों से रंगों का जुलूस निकाला गया, वहीं शहर के जिम्मेदार अधिकारियों ने भी मेले में शामिल होकर शहरवासियों के साथ इस ऐतिहासिक परंपरा का हिस्सा बने।
















