upcrimealertnews.com

सरकारी जमीन बेचने का आरोप, जांच में 366 गज पर अवैध कब्जा उजागर

सवांददातासुनील तिवारी

कानपुर: पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पनका बहादुर नगर में सरकारी और निजी भूमि की अवैध प्लॉटिंग का बड़ा मामला सामने आया है। यहां प्रधान पति समेत अन्य लोगों पर फर्जी तरीके से जमीन कब्जाकर बेचने का आरोप लगा है।
शिकायतकर्ता राजेश कुमार तिवारी ने उप जिलाधिकारी सदर से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के प्रधान पति विनोद कुशवाहा, उनके भाई प्रमोद कुशवाहा और उनके सहयोगी दिनेश कुशवाहा ने उनकी पैतृक भूमि पर कब्जा कर उसे बेच दिया। साथ ही ग्राम पंचायत की खरिहान में दर्ज सरकारी भूमि को भी प्लॉटिंग कर लाखों रुपये में बेचने का आरोप लगाया गया।मामले की जांच के लिए पहुंचे लेखपाल प्रतीक कुमार ने मौके पर जांच के दौरान शिकायतकर्ता की जमीन पर कब्जा और करीब 366 गज सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण पाया। पूछताछ में कई निर्माणकर्ताओं ने बताया कि उन्हें यह जमीन प्रधान पति और उनके सहयोगियों द्वारा बेची गई थी।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से तालाब, ऊसर और बंजर जैसी सरकारी जमीनों पर कब्जा कर प्लॉटिंग का खेल चल रहा है, जिसमें भूमाफियाओं ने जमकर कमाई की है।वहीं जमीन खरीदने वाले कुसमा देवी, नम्रता देवी और गजेंद्र कुमार ने कहा कि उन्होंने लाखों रुपये देकर प्लॉट खरीदे थे, लेकिन अब जांच में जमीन सरकारी निकलने से वे परेशान हैं। पीड़ितों ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।लेखपाल ने बताया कि जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version