सपना पड़ा भारी! साली के आरोप में जीजा गया जेल, 7 साल बाद मिला इंसाफ

संवाददाता -सुनील तिवारी

कानपुर: के नौबस्ता में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां साली के एक आरोप ने एयरफोर्स कर्मी जीजा की जिंदगी सात साल तक उलझाकर रख दी। शादी के कुछ ही दिनों बाद नाबालिग साली ने जीजा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर हंगामा खड़ा कर दिया था। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस केस दर्ज हुआ और जीजा को 19 दिन जेल भी काटनी पड़ी। लेकिन जब मामला कोर्ट पहुंचा तो कहानी में ऐसा मोड़ आया कि सब हैरान रह गए।
दरअसल बिठूर निवासी एयरफोर्स कर्मी की शादी 10 फरवरी 2019 को बिधनू की युवती से हुई थी। शादी के बाद वह पत्नी को लेने ससुराल गया, जहां से 15 वर्षीय साली भी उनके साथ आ गई। 8 मार्च की रात साली अचानक चीखने लगी और आरोप लगाया कि जीजा ने उसके साथ छेड़छाड़ की है। परिवार में हड़कंप मच गया और मामला थाने तक पहुंच गया। बाद में 3 अगस्त को नौबस्ता थाने में मुकदमा दर्ज हुआ और 29 सितंबर को एयरफोर्स कर्मी गिरफ्तार कर लिया गया।
लेकिन अब कोर्ट में बयान के दौरान साली अपने आरोप से पलट गई। उसने कहा कि वह दवा खाकर सो रही थी और उसे सपने में लगा कि जीजा ने दबोच लिया है, इसी भ्रम में उसने शोर मचा दिया। गवाहों के बयान और ठोस सबूत न मिलने पर कोर्ट ने सात साल बाद एयरफोर्स कर्मी को बरी कर दिया। हालांकि इन सालों में लगा दाग और सामाजिक तिरस्कार का दर्द वह शायद कभी नहीं भूल पाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here