यूपी क्राइम अलर्ट न्यूज़ ब्यूरो
प्रयागराज जिले के सरायममरेज थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में बुधवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पति से विवाद के बाद गुस्से में एक महिला ने अपने ही चार माह के मासूम बेटे की नुकीली ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने बच्चे के शव को लकड़ियों के ढेर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार पिलखिनी गांव निवासी संतोष यादव मजदूरी करता है और उसकी पत्नी मनोरमा यादव से अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। पिछले तीन-चार दिनों से दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया था। बुधवार शाम इसी विवाद के बाद गुस्से में मनोरमा ने अपने चार माह के बेटे ईश्वर पर सीमेंट की नुकीली ईंट से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद मनोरमा ने बच्चे के शव को घर के पास टीनशेडनुमा कमरे में लकड़ियों के ढेर में महुआ के पत्तों और घासफूस के नीचे छिपा दिया और सामान्य रूप से घर के कामकाज में लग गई। काफी देर तक बच्चा नजर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दादा हरिलाल यादव उर्फ मुन्नीलाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीणों के अनुसार संतोष यादव की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी से शादी के कुछ ही दिनों बाद अलगाव हो गया था। करीब दो साल पहले उसने मनोरमा से विवाह किया था और लंबे इंतजार के बाद चार माह पहले बेटे ईश्वर का जन्म हुआ था।घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसर गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है।अधिकारियों के मुताबिक आरोपी महिला के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया गया है और उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है।

मुख्य बिंदु
- दिल दहला देने वाली घटना: प्रयागराज के सरायममरेज थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में मां ने अपने चार माह के बेटे की हत्या कर दी।
- ईंट से किया हमला: पति से विवाद के बाद महिला ने गुस्से में सीमेंट की नुकीली ईंट से बच्चे पर कई वार किए।
- शव छिपाने की कोशिश: वारदात के बाद बच्चे के शव को लकड़ियों के ढेर में महुआ के पत्तों और घासफूस के नीचे छिपा दिया।
- पुलिस ने किया गिरफ्तार: परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मां मनोरमा यादव को गिरफ्तार कर लिया।
- मुकदमा दर्ज: मृतक के दादा की तहरीर पर हत्या और साक्ष्य छिपाने का केस दर्ज किया गया।
- जांच जारी: पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल ईंट बरामद कर ली है और महिला की मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है।
- परिवार में विवाद: जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच कई दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था।
















