यूपी क्राइम अलर्ट न्यूज़ ब्यूरो
हापुड़: उत्तर प्रदेश एटीएस ने हापुड़ के धौलाना क्षेत्र के गांव पिपलैड़ा में दबिश देकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। ये दोनों पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में बताए जा रहे हैं, जो आईएसआई के लिए काम करता है।एटीएस की पूछताछ में सामने आया है कि संदिग्ध आरोपी और उसके भतीजे ने शहजाद भट्टी से कई बार वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की थी। उन्हें बड़ी रकम देने और विदेश में अपने नेटवर्क में शामिल करने का लालच दिया गया था। साथ ही कुछ खास ‘टास्क’ सौंपने की भी बात हुई थी, लेकिन उससे पहले ही एजेंसी ने दोनों को पकड़ लिया।सूत्रों के मुताबिक, शहजाद भट्टी भारत में स्लीपर मॉड्यूल तैयार कर आतंकी वारदातों को अंजाम दिलाने की साजिश रचता रहा है। वह दुबई समेत अन्य देशों में रहकर अपना गैंग संचालित करता है और उसका कनेक्शन अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से भी जुड़ा बताया जाता है।जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में और कौन-कौन लोग इस नेटवर्क से जुड़े हैं। पकड़े गए युवकों से लगातार पूछताछ की जा रही है और उनके मोबाइल व डिजिटल डिवाइस की गहन जांच हो रही है।गौरतलब है कि शहजाद भट्टी का नाम पहले भी कई बड़ी आपराधिक और आतंकी घटनाओं में सामने आ चुका है। ऐसे में एटीएस की यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहम मानी जा रही है।
















