upcrimealertnews.com

घाटमपुर में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की

सवांददाता – सुनील तिवारी

कानपुर: घाटमपुर स्थित कूष्मांडा देवी मंदिर के पास सीसी रोड पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ नगर पालिका ने पुलिस के साथ मिलकर सख्त कार्रवाई की। मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियों को देखते हुए शुक्रवार को पालिका की टीम ने अभियान चलाकर सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण हटवा दिए। कार्रवाई से पहले पालिका द्वारा 42 दुकानदारों को नोटिस जारी कर कब्जे हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
शुक्रवार को अधिशाषी अधिकारी महेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस और पालिका कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। जैसे ही पालिका कर्मियों ने दुकानों का सामान ट्रैक्टर में लादना शुरू किया, वैसे ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने खुद ही अपना कब्जा हटाना शुरू कर दिया। कुछ कब्जेदारों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों के सख्त रुख के चलते वह पीछे हट गए।
पालिका अधिकारियों के अनुसार मंदिर मार्ग पर अवैध कब्जों के कारण श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए सीसी रोड को पूरी तरह खाली कराने का अभियान चलाया गया। नोटिस पाने वालों में मंदिर परिसर के बाहर पार्किंग स्थल में ट्रक खड़े करने वाले ट्रांसपोर्टर भी शामिल थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य बिंदु

Exit mobile version